Wednesday 28 March 2018

एक कवि का जाना

एक कवि का जाना
सिर्फ कविता का
अंत नहीं होता
अंत होता है
उस आवाज का भी
जो अभिव्यक्त करती है
सृष्टि को
अंत होता है
उस दृष्टि का भी
जो प्रकृति में देखती है
प्रेम
अंत होता है
उन संवेदनाओं का भी
जिनके बिना
हृदयहीन हो जाती है
दुनिया।

कवि का जाना
हमारे सपनों का मर जाना है
उदास रातों में
चाँद का खो जाना है
एक कवि का जाना
आँखों की रोशनी का
असमय छीन जाना है।

Friday 23 March 2018

सबसे कठिन है

सबसे कठिन है
पत्थर दिल होती दुनिया में
प्रेम बचाए रखना
बार-बार छले जाने के बाद भी
विश्वास बचाए रखना
सफलता-असफलता के बीच
झूलते जीवन में
जीतने की आस बचाए रखना
तमाम उदासियों के बीच
होंठों पर मुस्कान बचाए रखना|

सबसे कठिन है
बदहवास भागते वक्त में
अपनों के लिए
थोड़ा सा वक्त बचाए रखना
जिंदगी की धूप में
रिश्तों के लिए
थोड़ी छाँव बचाए रखना  
सिर्फ मदद के लिए
मदद का हाँथ बढ़ाए रखना|

सबसे कठिन है
मान-अपमान-सम्मान के बीच
अपने अंदर संवेदना बचाए रखना
अपने ही आँखों पर पड़े
चश्मे को उतार कर
खुद को पढ़ने का
साहस बचाए रखना|

सबसे कठिन है
खुद की बुलंदियों पर
खुद को गिरने से बचाए रखना
देवता बन जाने के बाद भी  
खुद को मनुष्य बनाए रखना
सबसे कठिन है
कठोर वक्त में

खुद को सरल बनाए रखना|