Thursday 20 January 2022

हे प्रभु

हे प्रभु
शक्ति देना
तो सहनशक्ति भी
वार सह सकूँ
अपनों का
परायों का भी |

क्रोध के साथ
प्रेम भी देना  
यह विवेक भी कि
अन्याय के खिलाफ़
जीभ न अकड़े
रावणी दंभ से लड़ते-लड़ते
रावण बनने से बचा सकूँ
ख़ुद को
और प्रेम
पत्थर बनने से
बचाए रखे मुझे |

हे प्रभु
क्षमा करने की
शक्ति भी देना  
और यह भी कि
क्षमा कर सकूं
ख़ुद को भी
इस असहनीय समय में।

जबकि झूठ को झूठ बोलना भी
मुनासिब नहीं
सच की सौदेबाजी से
ख़ुद को बिकने से बचा सकूं
और सच को सच कहने की
काबिलियत बची रहे मुझमें|
 
हे प्रभु
आँखों में सपने देना
तो उसे पूर्ण करने का साहस भी
ताकि बोझिल पंख लिए
विदा होने से बचा सकूँ
ख़ुद को|
 
यह जानते हुए कि
अंधेरे और उजाले में
बहुत फ़र्क है
अँधेरे को
उजाला साबित करने की गुनाह से
ख़ुद को बचा सकूँ|
 
हे प्रभु
इस ग़ुरूर में कि
आसमान हो गया हूँ मैं
अगर गिरुं
तो ख़ुद को  
अपनी नजरों में भी
गिरने से बचा सकूँ ।
ऐसे वक्त में
जबकि मोहब्बत करना
ख़ुद का ही इम्तिहान लेना है  
मैं मोहब्बत कर सकूँ
हज़ार नफ़रतों के बाद भी|
 
हे प्रभु
कहने को तो
यह जीवन एक खेल ही है
जीवन के इस खेल में
ख़ुद को हारकर जीतने से
कहीं बेहतर है
ख़ुद को जीत कर
हार जाऊं मैं
जीती हुई बाज़ी
और
बिना अफ़सोस के
ले सकूँ मैं
आख़िरी सांस |

Sunday 9 January 2022

हिंदी हूँ मैं

सदियों की सामासिक संस्कृति की शक्ति हूँ मैं 

मानव जीवन की जीवंत अभिव्यक्ति हूँ मैं 

समय की संवेदना का सारथी हूँ मैं 

हिंदी हूँ मैं| 


भाषिक परंपरा का गर्व एवं उत्थान हूँ मैं 

बुद्ध का उपदेश, महावीर का ज्ञान हूँ मैं 

धर्म-अध्यात्म, ज्ञान-विज्ञान हूँ मैं 

हिंदी हूँ मैं| 


शब्द संगीत, भाव प्राण हूँ मैं 

नव प्रेरणा, नव गान हूँ मैं 

सूर का कृष्ण, तुलसी का राम हूँ मैं 

हिंदी हूँ मैं| 


अंग्रेजी सत्ता की प्रतिकार,महात्मा गांधी का विचार हूँ मैं 

अमर शहीदों का अमर गीत, आज़ादी का नाम हूँ मैं 

अमर सेनानियों की अभिलाषा का परिणाम हूँ मैं 

हिंदी हूँ मैं| 


आज़ाद भारत की आज़ाद आवाज़ हूँ मैं 

ग़रीब-गुरबा की जुबान, वंचितों की ललकार हूँ मैं

रोजी-रोटी-रोजगार, भारत सरकार हूँ मैं 

हिंदी हूँ मैं| 


माँ की लोरी, किस्सा-कहानी, घर का अख़बार हूँ मैं

रीति-रिवाज,पर्व-त्योहार, परिवार का संस्कार हूँ मैं

गीत-संगीत की आत्मिक भाषा,प्रेम की परिभाषा हूँ मैं

हिंदी हूँ मैं।


भारत की वैश्विक पहचान,भारत का प्रेम-पैगाम हूँ मैं  

जन-गण-मन का आत्म गौरव, आत्म सम्मान हूँ मैं 

हिंद का अभिमान, हिंद-हिंदी-हिंदुस्तान हूँ मैं

हिंदी हूँ मैं|