Saturday, 18 July 2015

शिद्दत

बहुत दिनों के बाद खुद में देखा है तुम्हें
तुम्हें और भी शिद्दत से चाहने लगा हूँ मैं| 

Thursday, 16 July 2015

प्रेम

सांस की तरह है 
प्रेम
बेशर्त बेपनाह
दिल की गहराईयों में उतरता हुआ 
हर वक्त हर पल
जिंदगी के लिए।

मेरा मन

मेरा मन
मंदिर है
मस्जिद है
मदिरालय है|

मेरे मन में
अमन है
चैन है
शांति है |

क्योंकि
मेरे मन में
प्रेम है|

Sunday, 12 July 2015

हिन्दू-मुस्लिम

सब मुस्लिम, मुस्लिम नहीं होते|
सब हिन्दू, हिन्दू नहीं होते||
कुछ मुस्लिम, हिंदू होते हैं |
कुछ हिन्दू, मुस्लिम होते हैं||
कुछ हिन्दू-मुस्लिम में खुदा होते हैं|
कुछ हिन्दू-मुस्लिम खुद भगवान होते हैं|
कुछ मुस्लिम मंदिर में सजदा करते हैं|
कुछ हिन्दू मस्जिद में दुआ मांगते हैं|

Monday, 22 June 2015

हद से

घनघोर अँधेरे में बिखर ही गए सब संगी-साथी
मैंने अपने क़दमों को उजाले तक रुकने नहीं दिया|

आँधियों में उखड़ गए थे कई नामचीन पेड़-पौधे
मैंने कभी आँधियों को हद से बहकने नहीं दिया| 

उजाला

आँधियों से देखा गया नहीं मेरा उजाला
और आँधियों से ही रोशन हूँ मैं हर कहीं|

Tuesday, 26 May 2015

खुदा

अपनी सांसों की खुशबू में उतर कर मेरी नजरों ने जाना 
कि फ़ना हो जाना है खुद पर और खुद का खुदा हो जाना|

Sunday, 17 May 2015

सफ़र

जब से अपने गम पर मुस्कुराने लगा हूँ मैं
जिंदगी का सफ़र कुछ आसान हो गया है|

Wednesday, 13 May 2015

गुलमोहर

गुलमोहर ने अपने साथी पौधों को नया विश्वास दे दिया |
कि झुलसती हुई टहनियों को भी जीने का आस दे दिया|

Sunday, 10 May 2015

अमलतास

ज्यों-ज्यों बढ़ने लगती है मेरे जीवन में धूप
दिल में कहीं अमलतास पनपने लगता है|

Saturday, 9 May 2015

बेटियां

बेटियां हैं तो जीने की आस है |
बेटियां हीं खोया हुआ विश्वास हैं|

बेटियों के पास सुनहरे सपने हैं|
बेटियों के लिए हर रिश्ते अपने हैं|

बेटियों के दिल में सिर्फ प्रेम की चाहत है|
बेटियां गर्भ में मारे जाने से बड़ी आहत हैं|

बेटियों ने घर के हर गम को ख़ुशी में बदल दिया है|
बेटियों ने बिखरते रिश्ते को भी नया संबल दिया है|

बेटियों के सब खिलौने मुस्कुरा कर कहते हैं
मम्मी-पापा आप सदा मेरे दिल में रहते हैं| 

Tuesday, 10 March 2015

नफ़रत

बहुत नफ़रत फैला दिया है किसी ने इस शहर में
चलो साथ चलें कि ग़मगीन हवाएं साँस ले सकें|  

Wednesday, 11 February 2015

मंजिल

जो दिल ठहर जाए इक मंजिल पर तो बेमानी होगी|
मेरे राह की हरेक मंजिल नए मंजिल का पता देती है|

Saturday, 24 January 2015

मुर्दा यादें

मुर्दा यादें कंधे को कमजोर करती चली गईं
और वक्त के पाँव कब्रगाह तक पहुँच गए|

उजाले

उजाले में अक्सर अँधेरे को भूल जाते हैं हम
और अँधेरे में उजाले बहुत याद आते हैं| 

कौवा

वह वक्त बीत गया जब कौवा बगुला न बन पाने पर शर्मिंदा थे
अब तो कौवा ही बगुले के वेश में कौवों पर कीचड़ उछालते हैं|

Sunday, 18 January 2015

अकेले

आज साथ रह कर भी बहुत अकेले रहे हम
आज खुद को हम फिर माफ़ नहीं कर पाए |

देवता

जिस पत्थर को पूज कर देवता बना दिया हमने
उस देवता के लिए अपनी जान गवां दिया हमने|

जहर

जहर में भी शहद सी मिठास देखी मैंने
दिल में जालिमों के जज्बात देखी मैंने| 

गुमराह

इतने हुए गुमराह कि राह मिल गए
हर एक सवाल के जवाब मिल गए |

दिल्ली

दिल्ली पर जो राज करता है उम्मीदें तोड़ देता है
स्वर्ग का ख्वाब दिखाकर सड़क पर छोड़ देता है|

कशिश

कुछ तो है उनकी कशिश में जानते हैं सब
कि वे दिल और महफ़िल दोनों लूट लेते हैं|

प्यार

आदत है हमें प्यार न करें तो क्या करें
तुमने भी तो अपनी बेवफाई नहीं छोड़ी|

वक्त

चाँद-सितारों से प्यार पाने के लिए तो कभी नहीं ठहरा मैं
फिर तुम्हारी मोहब्बत के लिए ही क्यों ठहर गया है वक्त 

Friday, 16 January 2015

अतीत

अतीत का अर्थ नहीं होता पर सालता क्यों है?
दिल गुमनाम चेहरे में नए अर्थ ढूंढ़ता क्यों है?

Tuesday, 13 January 2015

नजरिया

जीवन एक खूबसूरत नजरिया भी है दोस्तों
कभी नजरिया बदलने से ही वक्त बदल जाते हैं|

Monday, 12 January 2015

सांस

उम्र भर थामे रहे अपनी सांसों को हम
और सांसों ने ही इक दिन साथ छोड़ दिया|

Saturday, 10 January 2015

मुसाफिर

वक्त के दरिया में बहने वाले मुसाफिर ने
खुद को आज और  कल की झंझटों में बाँट रखा है|

आरजू

खुद की आरजू में ही कुछ कह न सके हम
यूँ तो हमने मन्नतों का संसार सजा रखा है|

Friday, 9 January 2015

वजूद

उम्र भर कमतर आंकते रहे वक्त के जिस पैमाने से हम
उस वक्त के पैमाने ने ही जीने की नई वजूद दे दी है|

Thursday, 8 January 2015

बादशाह

स्वप्न तो आजाद हो वक्त कि हर इक गुलामी से
खुद का बादशाह बने इक लंबा अरसा बीत गया है| 

Wednesday, 7 January 2015

देवता

इस कदर न आजमाओ कि टूटकर बिखर जाऊं मैं
तुम्हें उम्र भर अपनी नजरों में तराशना चाहता हूँ मैं|

Tuesday, 6 January 2015

नफ़रत

धर्म की दूकान से कर रहे हैं वे नफ़रत का व्यापार
वे चाहते हैं सिर्फ ख़त्म करना इंसानियत और प्यार|

नन्हा पौधा

ऐ आँधियों जरा रहम तो करो दो पल के लिए
इक नन्हा पौधा फिर मुस्कुराना चाहता है|

जुर्म

दुःख है कि लूट लिए गए वे सरेआम
जुर्म सिर्फ इतना था कि आँखें बंद थीं |

Monday, 5 January 2015

पेड़

जो पेड़ वक्त की आँधियों में उखड़ जाते हैं
उस पेड़ के बाशिंदे भी बेवक्त बिखर जाते हैं| 

Saturday, 3 January 2015

कहा-अनकहा

सबकुछ अनकहा रह गया जो भी कहना चाहा तुम्हें
जो कहा वो सब गुम हो गए तुम्हारे मासूम सवालों में|

आत्म द्वीप

गिरने की परवाह कहाँ अब आगे बढ़ने की फ़िक्र है मुझे
घनघोर अँधेरे में ही आत्म द्वीप रोशन करता है मुझे| 

Thursday, 1 January 2015

हर एक गूंज

शोषित जन की आवाज अगर मुकम्मल बन जाए
तो उसकी हर एक गूंज से पर्वत भी समंदर बन जाए|

Wednesday, 31 December 2014

प्यार

जितना प्यार दिया है कुदरत ने उतना ही तरस रहे हैं हम
कोई कैसे समझाए कि नफरत से किस कदर तड़प रहे हैं हम |

खामोश शहर

अजीब खामोश शहर है उदासियों से भरा हुआ
कोई तो आवाज उठाए कि फ़िजा बदल सके|

Monday, 29 December 2014

नजर

एक प्यार की नजर से जो उसको देख दी हमने
सोई हुई इंसानियत को नई जिंदगी दे दी हमने| 

सियासी रंग

गरीबों के दर्द पर हँसने वालों को अमीरों का गुनाह भी दिखाई नहीं देता
सियासी रंग कुछ ऐसा है कि बेगुनाहों का कत्लेआम भी दिखाई नहीं देता| 

Sunday, 28 December 2014

दिल को

कुछ इस तरह से उसने अपने दिल को छोटा कर लिया
जरा सी बात को शिद्दत से अपने दरम्या बड़ा कर लिया|

Saturday, 27 December 2014

बेघर

अपार संभावनाओं को हाँथ में लिए निकले थे घर से
ऐसी क़ाबलियत हासिल की हमने कि बेघर हो गए|

Thursday, 25 December 2014

चुनौतियाँ

जितनी चुनौतियाँ तुमने मुझे दी हैं ऐ खुदा
उससे ज्यादा तो वक्त ने मुझे हौसला दिया है|

झूठ की महफ़िल

झूठ की महफ़िल में सरेआम सच को बदनाम होते देखा है|
बादलों को भी हमने गुमान में सूरज पे हँसते हुए देखा है|

नायाब चेहरे

नायाब चेहरे जो बिक गए हैं बाजार में वक्त के हांथो
वो ही चेहरे हमें सरेआम ईमानदारी का पाठ पढ़ाते हैं| 

Wednesday, 24 December 2014

मंजिल

पांव तले जमीं को देख कर चले तो मंजिल तक पहुँच गए
जो मंजिल को देख कर चले तो रास्ते में थक कर बैठ गए|

गुमनाम अँधेरे

जब से खोली है हमने घर की हरेक खिड़कियाँ
घर के गुमनाम अँधेरे भी उजाले से भर गए हैं|